सिरमौर की तीन ITI के लिए 12.96 करोड़ रुपये जारी, कफोटा को सर्वाधिक 5.83 करोड़ का बजट
प्रदेश सरकार ने सिरमौर जिले के तीन तकनीकी संस्थानों के सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 12.96 करोड़ रुपये जारी किए हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के अनुसार आईटीआई सराहां, कफोटा और कौलावाला भूड़ के लिए यह राशि जारी की गई है, जिसमें सबसे अधिक 5.83 करोड़ रुपये आईटीआई कफोटा को मिले हैं।
सिरमौर
आईटीआई कफोटा के लिए 5.83 करोड़ रुपये
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि सिरमौर जिले की आईटीआई कफोटा के लिए 5.83 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। प्रदेश सरकार तकनीकी संस्थानों को अत्याधुनिक बनाने और प्रशिक्षुओं को नवाचार के नए अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में काम कर रही है।
सराहां को 3.71 और कौलावाला भूड़ को 3.42 करोड़
आईटीआई सराहां के लिए 3.71 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं, आईटीआई कौलावाला भूड़ के लिए सरकार ने 3.42 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इस तरह सिरमौर के तीनों आईटीआई के लिए कुल 12.96 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
व्यावसायिक शिक्षा और कौशल संवर्धन पर जोर
राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने के साथ उनका कौशल संवर्धन किया जा रहा है। युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आधुनिक शैक्षणिक पाठ्यक्रमों का ज्ञान देने और नवाचार के लिए मजबूत स्टार्टअप सिस्टम तैयार करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।