Loading...

हरोली में प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को श्रद्धांजलि, 9.50 करोड़ के साइंस ब्लॉक की रखी आधारशिला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 52 Mins Ago • 1 Min Read

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की जयंती पर 29 सितंबर को राजकीय महाविद्यालय हरोली में स्मृति एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और महाविद्यालय में करीब 9.50 करोड़ रुपये से बनने वाले साइंस ब्लॉक की आधारशिला रखी। समारोह में हजारों लोगों ने भाग लिया, जबकि पंजाबी गायक गुरदास मान की प्रस्तुति इसका प्रमुख आकर्षण रही।

ऊना/हरोली

समारोह में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था और महाविद्यालय परिसर बड़ी संख्या में आए लोगों से भर गया। स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को याद किया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उनका अपनत्व, जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्परता और लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का भाव आज भी हरोली क्षेत्र के लोगों की स्मृतियों में जीवंत है।

छात्राओं को दिया गया प्रमुख स्थान

समारोह में महाविद्यालय और स्कूलों की छात्राओं को मंच के ठीक सामने बैठाया गया, जबकि गणमान्य अतिथियों के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का जीवन बच्चों और शिक्षा के प्रति समर्पित रहा, इसलिए कार्यक्रम में भी बच्चों को केंद्र में रखा गया। उन्होंने शिक्षा का वातावरण बेहतर बनाने और आने वाली पीढ़ी को अधिक अवसर उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा साइंस ब्लॉक

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने महाविद्यालय में लगभग 9.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले साइंस ब्लॉक की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। नए विज्ञान भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा। उन्होंने अगले वर्ष तक महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या एक हजार से अधिक होने की बात भी कही।

गुरदास मान की प्रस्तुति रही आकर्षण

समारोह में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान ने प्रस्तुति दी। उनके गीतों के दौरान महाविद्यालय परिसर तालियों और संगीत से गूंजता रहा तथा लोगों ने देर तक कार्यक्रम का आनंद लिया। उपमुख्यमंत्री ने गुरदास मान को सम्मानित किया और हरोली आकर प्रस्तुति देने के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को एक प्रसिद्ध कलाकार को प्रत्यक्ष सुनने का अवसर मिला है।

अध्यापन और शोध में रहा उल्लेखनीय योगदान

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का जन्म 29 सितंबर 1968 को मंडी में हुआ था। वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग में वरिष्ठ प्रोफेसर रहीं। उनके मार्गदर्शन में करीब 25 विद्यार्थियों ने पीएचडी और एमफिल की उपाधियां प्राप्त कीं। उनके अकादमिक कार्यों में 14 अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र, 13 अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस प्रस्तुतियां, दो शोधपरक पुस्तकें और दो शैक्षणिक ग्रंथ शामिल रहे। उन्होंने जनजातीय सशक्तीकरण, लैंगिक समानता, स्थानीय शासन और ग्रामीण रोजगार जैसे विषयों पर शोध किया।

शिक्षा और शोध के साथ प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी रहीं। वह बेटियों की शिक्षा, युवाओं को नशे से दूर रखने और गरीब, जरूरतमंद तथा असहाय लोगों की सहायता के लिए सक्रिय रहती थीं। वर्ष 2023 में उन्हें इंटरनेशनल बेस्ट टीचर अवार्ड सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मान मिले। उनका निधन 9 फरवरी 2024 को 56 वर्ष की आयु में हुआ था।

समारोह में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, चंबा के विधायक नीरज नैय्यर, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा और पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान उपस्थित रहे। इनके अलावा विक्रम शर्मा डिक्की, महेश्वर चौहान, अजय वर्मा, रणजीत राणा, देशराज गौतम, अखिल अग्निहोत्री, संदीप अग्निहोत्री, सुमन ठाकुर, प्रशांत राय, पवन ठाकुर और अशोक ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी समारोह में भाग लिया।

Related Topics: •