Loading...

एसजेवीएन के पूर्व सीएमडी नंदलाल शर्मा को सोहारी पंचायत ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 26 Jul 2026 • 1 Min Read

तीन दिवसीय शोक वातावरण के बीच ग्राम पंचायत सोहारी में एसजेवीएन के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नंदलाल शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शोक सभा में मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने ऊर्जा क्षेत्र और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत सोहारी में सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नंदलाल शर्मा के निधन पर ग्राम पंचायत सोहारी में रविवार को एक श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन किया गया। शोकाकुल वातावरण में आयोजित इस सभा में पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि नंदलाल शर्मा एक दूरदर्शी प्रशासक, कुशल प्रबंधक और ऊर्जा क्षेत्र के उत्कृष्ट नेतृत्वकर्ता थे। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में उन्होंने संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में अनेक महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं को गति मिली तथा ऊर्जा क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उनके निधन से प्रदेश और देश ने एक अनुभवी एवं कर्मठ व्यक्तित्व को खो दिया है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सोहारी के पूर्व प्रधान पवन ठाकुर, उपप्रधान बलवान सिंह, वार्ड पंच नवीन कुमार, गोल्डी दयाल, रचना देवी, अजय कुमार, रघुबीर सिंह, नितिन परमार, दिनेश कुमार, बलबीर सिंह, लता कुमारी, केसरी देवी, अभिषेक डोगरा सहित पंचायत के अन्य प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।शोक सभा के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत नंदलाल शर्मा के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व, कार्यशैली और राष्ट्र निर्माण में दिया गया योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।