Loading...

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अम्बेहड़ा में नई एसएमसी कार्यकारिणी गठित, बलवान ठाकुर बने अध्यक्ष

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Jul 2026 • 1 Min Read

जिला ऊना के उप-तहसील जोल अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अम्बेहड़ा में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की विशेष बैठक आयोजित कर शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में बलवान ठाकुर को अध्यक्ष और श्रीमती अविनाश को उपाध्यक्ष चुना गया।

ऊना/अम्ब

विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य गुरदियाल सिंह ने की। बैठक के दौरान विद्यालय के विकास, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा आगामी दो वर्षों के लिए स्कूल प्रबंधन समिति के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। अध्यक्ष पद पर बलवान ठाकुर और उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती अविनाश के चयन के बाद उपस्थित सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय विकास में एसएमसी की भूमिका पर दिया गया जोर

बैठक में ग्राम पंचायत अम्बेहड़ा धीरज के प्रधान सतीश कुमार (सोनू) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के सर्वांगीण विकास में स्कूल प्रबंधन समितियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि एसएमसी विद्यालय, अभिभावकों और समाज के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में अहम योगदान देती है।

नई कार्यकारिणी से विकास कार्यों को मिलेगी गति

प्रधानाचार्य गुरदियाल सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, खेल गतिविधियों तथा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएगी। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष बलवान ठाकुर ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उनकी प्राथमिकता विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच समन्वय बढ़ाना तथा विद्यालय के विकास कार्यों को गति देना रहेगा। बैठक के अंत में अध्यापकों, अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।

Related Topics: