Loading...

Dry Day / सोलन में पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर 26, 28 और 30 मई को ड्राई डे घोषित, मतदान कार्यक्रम जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Dry Day : जिला सोलन में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के मद्देनज़र जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा मतदान तिथियों और मतगणना प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए निर्धारित अवधि के लिए ड्राई डे घोषित करने के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश 26, 28 और 30 मई को होने वाले मतदान तथा 31 मई को होने वाली मतगणना को देखते हुए लागू रहेंगे।

सोलन

ड्राई डे और शराब बिक्री पर प्रतिबंध के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशों के अनुसार मतदान की प्रत्येक तिथि यानी 26 मई, 28 मई और 30 मई 2026 को संबंधित क्षेत्रों में ड्राई डे प्रभावी रहेगा। इसके अतिरिक्त 31 मई को पंचायत समितियों एवं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना के दिन भी ड्राई डे लागू रहेगा। आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मतदान समाप्त होने के निर्धारित समय से 48 घंटे पूर्व से लेकर मतगणना पूर्ण होने तक किसी भी होटल, ढाबा, दुकान, शराब विक्रय केंद्र या किसी भी सार्वजनिक एवं निजी स्थान पर मादक पदार्थों की बिक्री, वितरण या परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने कहा है कि इन आदेशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विकास खंड सोलन में चरणवार मतदान कार्यक्रम

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विकास खंड सोलन में मतदान तीन चरणों में संपन्न होगा। प्रथम चरण में 26 मई को कुल 13 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा, जिनमें भोजनगर, डांगरी, दयोठी, हरिपुर, जाडली, जौणाजी, क्ककड़हट्टी, नौणी मझगांव, नेरी कलां, शमरोड, सुल्तानपुर, धार बखुना तथा मनसार शामिल हैं। द्वितीय चरण में 28 मई को भी 13 पंचायतों में मतदान होगा, जिनमें अन्हेच, बडोग, धरोट, जाबल झमरोट, काबा कलां, कोठों, मशीवर, ओच्छघाट, पट्टा बरावरी, रणो, सलोगड़ा, सपरुन तथा तोप की बेड़ शामिल हैं। तृतीय चरण में 30 मई को भी 13 पंचायतों में मतदान कराया जाएगा, जिनमें आंजी, बसाल, भारती, बोहली, चामत भड़ेच, चेवा, कोरों, पराग, सन्होल, सेर बनेड़ा, सेरी, शडियाणा तथा शामती पंचायतें शामिल हैं। इस प्रकार तीनों चरणों में कुल 39 ग्राम पंचायतों में मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मतगणना व्यवस्था और परिणाम घोषणा प्रक्रिया

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर वार्ड सदस्यों, उप प्रधान और प्रधान पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर की जाएगी और परिणाम भी तत्काल घोषित किए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे संबंधित खंड मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद सदस्यों के परिणाम हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम 1994 के प्रावधानों के अनुसार जारी किए जाएंगे।

Related Topics: