16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मृत्यु पर सीडब्ल्यूसी कांगड़ा ने तलब की स्टेटस रिपोर्ट
जयसिंहपुर क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र अभिलाष की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के मामले में जिला बाल कल्याण समिति कांगड़ा ने लंबागांव पुलिस थाना से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। समिति ने छात्र के लापता होने से लेकर अस्पताल पहुंचने तक की परिस्थितियों और जांच में अब तक सामने आए तथ्यों की जानकारी समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
धर्मशाला
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिलाष 27 अगस्त की शाम घर से अपर लंबागांव में ट्यूशन के लिए निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। अगले दिन वह घर के पास सड़क किनारे गंभीर अवस्था में मिला। उपचार के दौरान उसकी हालत नाजुक होने पर उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। जिला बाल कल्याण समिति ने बाल संरक्षण और बाल अधिकारों के दृष्टिकोण से मामले का संज्ञान लिया है।

समिति की बैठक की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण समिति कांगड़ा के चेयरमैन विक्रमजीत शर्मा ने की। बैठक में सदस्य विजय कुमार और नरेशठा कुमारी भी उपस्थित रहे। समिति ने कहा कि छात्र की मृत्यु से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष और संवेदनशील जांच आवश्यक है। यह भी देखा जाएगा कि घटना के दौरान बच्चे की सुरक्षा, संरक्षण और सहायता से संबंधित किसी स्तर पर कोई चूक हुई थी या नहीं।
चेयरमैन विक्रमजीत शर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है। समिति उपलब्ध तथ्यों और संबंधित विभागों की रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद बाल हित में आवश्यक कार्रवाई और अनुशंसाएं करेगी। लंबागांव पुलिस थाना को समयबद्ध स्टेटस रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद समिति मामले की समीक्षा कर आगामी कार्रवाई निर्धारित करेगी।
