थानाकलां स्कूल ने जीता अंडर-19 कबड्डी खिताब, फाइनल में धमान्दरी को हराया
थानाकलां स्कूल बना अंडर-19 कबड्डी चैंपियन, फाइनल में धमान्दरी को दी करारी शिकस्त
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/ हिमाचल नाऊ न्यूज।
बंगाणा खंड की अंडर-19 छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लठियाणी में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानाकलां की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कबड्डी का खिताब अपने नाम कर क्षेत्र व विद्यालय का नाम रोशन किया।
कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला थानाकलां और धमान्दरी की टीमों के बीच खेला गया। फाइनल में थानाकलां की खिलाड़ियों ने शुरू से ही दमदार खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। एकतरफा मुकाबले में थानाकलां की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर कबड्डी की चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टीम की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य संजीव पराशर सहित समस्त अध्यापक वर्ग ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानाचार्य ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगामी जिला स्तरीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्य संजीव पराशर ने इस उपलब्धि के लिए कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा टीम के प्रशिक्षक अशोक कुमार धीमान, प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा को विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के दम पर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी जोश और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि थानाकलां की यह प्रतिभाशाली कबड्डी टीम आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
