Loading...

तीसा-पांगी के लिए अतिरिक्त सीएसआर विकास प्रस्ताव तैयार करें अधिकारी: उपायुक्त

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 43 Mins Ago • 1 Min Read

चंबा में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने अधिकारियों को आकांक्षी ब्लॉक तीसा और पांगी की जरूरतों के अनुसार अतिरिक्त विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 की सीएसआर गतिविधियों के लिए तैयार प्रस्ताव संबंधित संस्थानों को वित्त पोषण के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने पहले से चल रहे कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा।

चंबा

उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुकेश रेपस्वाल ने सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं के आधार पर पात्र विकास कार्य चिह्नित करने को कहा। उन्होंने एसडीएम तीसा और पांगी को दोनों आकांक्षी ब्लॉकों में अतिरिक्त कार्यों की संभावनाएं तलाशने के लिए विशेष प्रयास करने तथा उपयोगी और जनहित से जुड़े प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि सीएसआर के तहत अधिक कार्य स्वीकृत करवाए जा सकें।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, खेल, पोषण, जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन से जुड़े प्रस्तावों पर विशेष जोर दिया गया। प्रस्तावित कार्यों में आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, शौचालय और पेयजल सुविधाएं, स्मार्ट टीवी, चारदीवारी, बच्चों के अनुकूल फर्नीचर, खेल उपकरण तथा खेल मैदानों का विकास शामिल है। आधुनिक कार्यशालाओं, प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल शिक्षण सुविधाओं से संबंधित कार्यों को भी प्रस्तावों में शामिल करने पर चर्चा हुई।

उपायुक्त ने योजना के तहत पहले से चल रहे सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एसडीएम तीसा राजेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जेएस भारद्वाज, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, उपनिदेशक उद्यान डॉ. प्रमोद शाह, जिला विकास अधिकारी तिवेंदर चिनौरिआ, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा और महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला योजना अधिकारी कमल किशोर शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। विभिन्न उपमंडलों के अधिकारी बैठक से वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Related Topics: