Loading...

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0: ऊना में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली जागरूकता की शपथ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत ऊना स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रखना, उनमें स्वस्थ जीवनशैली की आदतें विकसित करना और समाज में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और इससे कैंसर, हृदय रोग तथा फेफड़ों से संबंधित बीमारियों सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को तंबाकू और इससे बने उत्पादों के सेवन से बचाना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करने के साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों और विशेष रूप से युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण केवल व्यक्तिगत प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं, ताकि लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी सही संदेश पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने, दूसरों को भी इससे रोकने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पिंदर राना, डॉ. विशाल ठाकुर, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, अधीक्षक केवल कृष्ण सहित कार्यालय के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।