Traffic Diversion / 14 मार्च को उपराष्ट्रपति के दौरे के चलते धर्मशाला में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू
उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन धर्मशाला ने 14 मार्च के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। वीवीआईपी काफिले के मार्गों पर निर्धारित समय के दौरान सामान्य वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी जाएगी।
कांगड़ा/धर्मशाला
काफिले के गुजरने से पहले और बाद में रोका जाएगा ट्रैफिक
उपराष्ट्रपति के काफिले के गुजरने से लगभग 10 मिनट पहले और 10 मिनट बाद तक सामान्य यातायात को रोका जाएगा। हालांकि इस दौरान एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवश्यकता के अनुसार आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
इन मार्गों से गुजरेगा वीवीआईपी काफिला
जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उपराष्ट्रपति का काफिला गगल एयरपोर्ट से सकोह होते हुए रेड क्रॉस चौक तक, सर्किट हाउस धर्मशाला से डाढ़ चौक तक, शीला चौक से चतडू चौक तक तथा गगल चौक से आरपीजीएमसी टांडा तक निर्धारित मार्गों से गुजरेगा।
पुलिस ग्राउंड में होगी वाहनों की पार्किंग
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ग्राउंड धर्मशाला को पुरस्कार विजेताओं, प्रतिभागियों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है।
कुछ मार्गों पर पूरी तरह रहेगा यातायात प्रतिबंध
इसके अतिरिक्त 14 मार्च को कार्यक्रम के दौरान होम गार्ड ऑफिस चौक से कॉलेज ऑडिटोरियम चौक तथा बी.एड. चौक से पुलिस ग्राउंड के मुख्य द्वार तक वाहनों की आवाजाही वीवीआईपी के प्रस्थान तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।