Accident / ट्राला की चपेट में आई युवती की दर्दनाक मौत, मौके पर मचा कोहराम
Himachalnow / काला आम
Accident : पुलिस के अनुसार काला अंब क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। चंचल अपने पिता के साथ स्कूटी पर काम पर जा रही थी, तभी नेशनल हाईवे-07 पर ट्राला को पास देते समय संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने से वह ट्राला के टायरों के नीचे आ गई, जिससे उसकी जान चली गई।
काला अंब
पुलिस व मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार काला अंब क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हृदय विदारक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक चंचल (उम्र करीब 20-22 वर्ष) पुत्री गंभीर सिंह, निवासी मेंन थाप्पल, अपने पिता के साथ स्कूटी पर प्रोटेक्ट टैली लिंक फैक्ट्री काम पर जा रही थी।सुबह करीब 9:30 बजे जब वे नेशनल हाईवे-07 पर मेंथपाल स्थित बरगद के पेड़ के समीप पहुंचे, तो एक तेज रफ्तार हेवी ड्यूटी ट्राला को पास देते समय संतुलन बिगड़ गया और चंचल ट्राला के टायरों के नीचे आ गई।
हादसा इतना भीषण था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर भयावह दृश्य बन गया, जिसे देख मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।हादसे में युवती के पिता सुरक्षित बताए जा रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना काला अंब की टीम मौके पर पहुंची और ट्राला को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है।हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी रोष देखा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोगीनंद से काला अंब तक नेशनल हाईवे पर दोनों ओर बड़े वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके अलावा इन भारी भरकम टिप्परों के संचालन का कोई निश्चित समय नहीं है। दिनभर तेज रफ्तार में चलने वाले ये विशालकाय वाहन भारी ट्रैफिक दबाव के बीच खतरा बने हुए हैं।लोगों ने बताया कि यह नेशनल हाईवे होने के बावजूद अभी छोटा डबल लेन मार्ग है, जहां बीच में डिवाइडर तक नहीं बने हैं। ऐसे में भारी वाहनों और आम ट्रैफिक का एक साथ संचालन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है।पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।