Loading...

त्रिलोकपुर में नाहन जोन खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, 25 स्कूलों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

त्रिलोकपुर में सजा खेलों का मैदान, 25 स्कूलों के खिलाड़ियों में जोरदार मुकाबला,नाहन जोन की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, कबड्डी में हरिहंत ने त्रिलोकपुर को हराया

नाहन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्रिलोकपुर में मंगलवार को नाहन जोन की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 25 विद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और पहले ही दिन विभिन्न खेलों के मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कबड्डी के मुकाबले में हरिहंत स्कूल ने मेजबान त्रिलोकपुर की टीम को पराजित कर जीत अपने नाम की।

समाजसेवी राजीव गर्ग ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिलता है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रिया तोमर ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, वालीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, योग, शतरंज और कुश्ती सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि की धर्मपत्नी सीमा गर्ग, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष पवन भारद्वाज, विद्यालय स्टाफ तथा डीएसएसए के पदाधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों के कारण त्रिलोकपुर विद्यालय परिसर में दिनभर खेलों को लेकर उत्साह बना रहा।

Related Topics: