Accident / ब्रेक फेल होते ही खजूरना पुल पर मचा हड़कंप, आलू से भरा ट्रक बोलेरो पर पलटा
Accident : ब्रेक फेल होने के बाद आलू से भरा ट्रक खजूरना पुल के पास अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन पर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि बोलेरो में सवार महिला और बच्चा सुरक्षित बच निकले।
नाहन
शुक्रवार सुबह एनएच-07 पर खजूरना पुल के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आलू की बोरियों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन पर पलट गया। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जिसने कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। राहत की बात यह रही कि बोलेरो में सवार चालक, एक महिला और बच्चा बाल-बाल बच गए, जबकि ट्रक चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक नाहन की ओर से मालोवाला की तरफ आ रहा था जिस पर आलू लदे हुए थे।। जैसे ही वाहन खजूरना पुल के पास पहुंचा, अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। सामने चौराहे पर एक बोलेरो वाहन खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने अंतिम क्षण तक वाहन को नियंत्रित करने और बोलेरो को बचाने की पूरी कोशिश की। चालक ने ट्रक को दूसरी दिशा में मोड़ने और बोलेरो को टक्कर से बचाने का प्रयास किया, लेकिन भारी वजन और तेज रफ्तार के चलते आलू से लदा ट्रक बोलेरो पर पलट गया।
हादसे में बोलेरो वाहन को भारी नुकसान पहुंचा, हालांकि उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले। दूसरी ओर ट्रक में सवार चालक सिकंदर और परिचालक मोहम्मद याकूब गंभीर रूप से घायल हो गए।इस बीच हादसे के बाद स्थानीय युवक कादिर ने मानवता की मिसाल पेश की। मारकंडे पुल के पास रहने वाले कादिर को जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिली, वह तुरंत अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गया। बिना समय गंवाए उसने घायल ट्रक चालक और परिचालक को मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को भी सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ट्रक चालक अंतिम क्षण तक वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश न करता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-07 पर यातायात भी प्रभावित रहा।फिलहाल पुलिस में मामला दर्ज हुआ है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं स्थानीय लोगों ने घायल चालक और परिचालक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

