Loading...

Sakura Science Program / ऊना के आदित्य भट्टी का जापान के प्रतिष्ठित साकुरा साइंस प्रोग्राम-2026 के लिए चयन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Sakura Science Program : जिला ऊना की तहसील बंगाणा के उपगांव दोबड़ के छात्र आदित्य भट्टी का जापान के प्रतिष्ठित साकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम-2026 के लिए चयन हुआ है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और जापान साइंस एंड टेक्नोलॉजी एजेंसी द्वारा संचालित किया जाता है। देशभर से इस कार्यक्रम के लिए 56 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें आदित्य भट्टी भी शामिल हैं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

चयनित विद्यार्थी 28 जून से 4 जुलाई 2026 तक जापान की शैक्षणिक और वैज्ञानिक यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान उन्हें जापान के प्रमुख विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों और आधुनिक वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। इस यात्रा के माध्यम से छात्र वहां की शोध संस्कृति, विज्ञान और प्रौद्योगिकी की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकेंगे। आदित्य का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

स्मार्ट फैन मॉडल से मिली राष्ट्रीय पहचान

आदित्य भट्टी ने वर्ष 2023-24 में सेंट कबीर पब्लिक स्कूल, करनाल में अध्ययन के दौरान “कम बिजली में अधिक क्षेत्र तक हवा पहुंचाने वाला पोजीशन-चेंजिंग स्मार्ट फैन” नामक अभिनव वैज्ञानिक मॉडल विकसित किया था। इस मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली थी। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन साकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम-2026 के लिए किया गया है। यह उपलब्धि आदित्य की वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता को भी दर्शाती है।

वर्तमान में नवोदय विद्यालय पुणे में कर रहे हैं तैयारी

वर्तमान में आदित्य भट्टी जवाहर नवोदय विद्यालय, पुणे में नीट की विशेष कोचिंग प्राप्त कर रहे हैं। उनके पिता कमलजीत भट्टी पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, निवारसी, कुरुक्षेत्र में उप-प्राचार्य हैं। परिवार ने इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताया है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक कार्यक्रम तक पहुंचने वाले आदित्य की इस उपलब्धि को क्षेत्र में प्रेरणादायक माना जा रहा है।

Related Topics: