Accident / ऊना के बंगाणा में सड़क हादसे में घायल चार वर्षीय बच्चे की उपचार के दौरान मौत
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
Accident : ऊना जिले के बंगाणा उपमंडल के अगलौर क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल चार वर्षीय बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऊना
स्कूल से लौट रहे बच्चे को बाइक ने मारी टक्कर
ऊना जिले के बंगाणा उपमंडल के अगलौर क्षेत्र में सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार चार वर्षीय बच्चा वेदांश पुत्र संजीव कुमार निवासी तलेहड़ा अपनी माता के साथ स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान अगलौर के पास सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार ने बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ किया गया रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बच्चे की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले से संबंधित जानकारी जुटाई गई।
बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद बाइक चालक मौके से चला गया था। वहीं, आसपास मौजूद एक दुकानदार ने मोटरसाइकिल का नंबर नोट कर लिया, जिसके आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की। एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।