Loading...

Nepal Flood / नेपाल में बाढ़ के बाद ऊना के 32 वर्षीय इंजीनियर सुखविंदर रतन की खोज मे नेपाल पहुंचे उनके भाई विरेंदेर रतन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 30 Aug 2026 • 1 Min Read

नेपाल में आई बाढ़ के बाद ऊना उपमंडल के बसदेहड़ा गांव निवासी 32 वर्षीय इंजीनियर सुखविंदर रतन लापता हैं। वह नेपाल की सुपर त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-1 में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। परिवार की उनसे आखिरी बातचीत 25 अगस्त की रात हुई थी, जिसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद है। परिजनों ने प्रशासन से उनकी तलाश में सहायता मांगी है और परियोजना स्थल पर बचाव अभियान जारी बताया गया है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

सुखविंदर के पिता हुसन लाल ने बताया कि उन्होंने ऊना जिला आपदा प्रबंधन एजेंसी से संपर्क किया था। इसके बाद एजेंसी ने उनके बेटे का पता लगाने में सहायता के लिए केंद्र सरकार के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। परिवार ने कंपनी के अधिकारियों से भी जानकारी मांगी है। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि परियोजना स्थल पर बचाव अभियान जारी है। हुसन लाल के अनुसार, केंद्र सरकार के अधिकारियों ने बताया कि स्थल से 350 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि करीब 100 अन्य लोगों को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हुसन लाल ने बताया कि सुखविंदर के भाई वीरेंद्र रतन भी इंजीनियर हैं और दुबई में कार्यरत हैं। वह परिवार के एक अन्य सदस्य शुभम के साथ सुखविंदर की तलाश के लिए नेपाल पहुंच गए हैं। सुखविंदर नेपाल लौटने से पहले 10 दिन तक ऊना में रहे थे और 15 अगस्त को वापस गए थे। सुखविंदर के बारे में कोई सूचना नहीं मिलने के कारण परिवार को उनकी खबर का इंतजार है। इस बीच रिश्तेदार, मित्र और परिचित परिवार से मिलकर सहयोग दे रहे हैं।

Related Topics: