ऊना में AC चालू करने के दौरान कमरे में लगी आग, एक लाख से अधिक नुकसान
ऊना शहर के वार्ड-दो स्थित एक मकान में बुधवार शाम AC चालू करने के दौरान आग लगने की घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तकनीकी खराबी के बाद कमरे में धुआं फैल गया और आग लगने से कमरे में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
मकान के कमरे में लगी आग
ऊना शहर के वार्ड-दो स्थित एक मकान में बुधवार शाम आग लगने की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार मकान की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में AC चालू करने के दौरान तकनीकी खराबी के बाद आग लग गई। घटना के बाद कमरे में धुआं फैल गया और आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया।
दमकल विभाग ने पाया नियंत्रण
घटना की सूचना मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। बताया गया कि यह घटना डॉ. अनिल ठाकुर के मकान में हुई। आग लगने से कमरे में रखा फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान की संभावना जताई गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि मामले से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
ऊना में दर्ज हुआ अधिक तापमान
प्रदेश में इन दिनों तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। इसके अलावा सुंदरनगर में 39.2 डिग्री, कांगड़ा में 39 डिग्री, मंडी और नाहन में 38.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला में भी अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
