ऊना की राष्ट्रीय लोक अदालत में 6,194 मामलों का निस्तारण, 5,52,39,009 रुपये पर समझौता
ऊना जिले में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति और समझौते के आधार पर कुल 6,194 मामलों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 5,52,39,009 रुपये की समझौता राशि तय हुई। जिला एवं सत्र न्यायालय ऊना और उपमंडल अम्ब के न्यायालय परिसर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार की अध्यक्षता में लोक अदालत आयोजित की गई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा लखनपाल ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अलग-अलग श्रेणियों के मामलों की सुनवाई की गई। इनमें समझौता योग्य आपराधिक मामले, दीवानी विवाद, चेक बाउंस और एनआई अधिनियम की धारा 138 से संबंधित मामले शामिल रहे। इसके अलावा उपभोक्ता शिकायतों और मोटर वाहन चालान से जुड़े मामलों का भी पक्षकारों की सहमति से समाधान किया गया।
शिखा लखनपाल के अनुसार, राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आम लोगों को सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय उपलब्ध करवाना है। इस व्यवस्था में पक्षकार आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर सकते हैं। इससे उनका समय और धन बचता है तथा न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने में भी सहायता मिलती है।