सुनील कुमार ने राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता रजत पदक
राष्ट्रीय स्तर पर चमके ऊना के पैरा एथलीट
ऊना जिले के अंब उपमंडल के ललियाड़ संतु गांव के पैरा एथलीट सुनील कुमार ने 23वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जैवलिन थ्रो में रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 17 से 20 फरवरी तक चेन्नई, तमिलनाडु में आयोजित हुई, जिसमें देशभर के बेहतरीन पैरा एथलीटों ने भाग लिया।
प्रदेशभर में खुशी, सरकार ने दी बधाई
सुनील कुमार की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, युवा मामले एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा और ऊना जिला प्रशासन ने उन्हें बधाई दी। प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और होनहार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री ने जताई खुशी
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “चेन्नई में आयोजित 23वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ऊना जिला के अंब उपमंडल के होनहार पैरा एथलीट सुनील कुमार ने जैवलिन थ्रो में रजत पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। मैं उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”
परिवार और क्षेत्र में जश्न का माहौल
24 वर्षीय सुनील कुमार बचपन से ही खेलों के प्रति जुनूनी रहे हैं। विपरीत परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से यह सफलता हासिल की। उनके परिवार में पिता रामपाल, माता सुमन देवी और एक भाई हैं। उनके परिवारजन और क्षेत्रवासी उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
प्रशासन और खेल प्रेमियों ने दी शुभकामनाएं
ऊना के उपायुक्त जतिन लाल ने सुनील कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि उनके अदम्य साहस और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है। उनकी सफलता से प्रदेश के युवा खिलाड़ी प्रेरित होंगे। उपायुक्त ने उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

