ऊना के बहड़ाला गांव के डॉ० ऋषभ शर्मा ने बढ़ाया हिमाचल का मान, लगातार दूसरी बार विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में बनाई जगह
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के बहड़ाला गांव के होनहार युवा वैज्ञानिक डॉ० ऋषभ शर्मा ने अपनी असाधारण उपलब्धि से न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे जिला ऊना और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। डॉ. ऋषभ शर्मा ने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (Stanford University) और एल्सेवियर (Elsevier) द्वारा जारी वर्ष 2026 की विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों (World’s Top 2% Scientists) की प्रतिष्ठित सूची में लगातार दूसरी बार स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा, मेहनत और शोध के प्रति समर्पण का परिचय दिया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
डॉ० ऋषभ शर्मा की इस उपलब्धि से बहड़ाला गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई जा सकती है।
कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में हासिल की पीएचडी
उल्लेखनीय है कि डॉ. ऋषभ शर्मा ने वर्ष 2025 में चितकारा यूनिवर्सिटी, पंजाब से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की। डॉक्टरेट की डिग्री प्राप्त करने के बाद भी उन्होंने शोध एवं वैज्ञानिक कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी। लगातार दूसरे वर्ष विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में उनका नाम शामिल होना उनके शैक्षणिक सफर और अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
परिवार के आशीर्वाद और सहयोग को दिया सफलता का श्रेय
अपनी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए डॉ० ऋषभ शर्मा ने इसका श्रेय अपने परिवार के आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी स्वर्गीय दादी श्रीमती भगवती देवी के पावन आशीर्वाद, ताया श्री आर०के० शर्मा के कुशल मार्गदर्शन तथा उनकी माता श्रीमती रमा शर्मा और पिता श्री पुष्पविंदर शर्मा के अटूट विश्वास, त्याग और आशीर्वाद का परिणाम है।
उन्होंने अपने शोध साथियों, प्रोफेसरों और सभी शुभचिंतकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। डॉ० ऋषभ शर्मा ने माना कि किसी भी उपलब्धि के पीछे निरंतर मेहनत के साथ-साथ परिवार, शिक्षकों और सहयोगियों का योगदान भी महत्वपूर्ण होता है।
क्षेत्रवासियों ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
डॉ० ऋषभ शर्मा की इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय निवासियों ने उन्हें तथा उनके परिवार को बधाई दी है। लोगों ने कहा कि बहड़ाला गांव के इस युवा वैज्ञानिक ने अपनी उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की सूची में स्थान हासिल करना डॉ० ऋषभ शर्मा की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा, विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वह भविष्य में भी अपने शोध कार्यों से देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।