स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी के अध्यक्ष गौरव कुमार ने प्रदेश सर्वोच्च स्थान पाने वाली छात्राओं को किया सम्मानित
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा में अंब क्षेत्र की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेशभर में क्षेत्र का नाम रोशन किया। कॉमर्स संकाय में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाली यशस्विनी चौहान और विज्ञान संकाय में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली संजीता धीमान को स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी के अध्यक्ष गौरव कुमार ने सम्मानित किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप मंडल अम्ब में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में अंब क्षेत्र की बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे प्रदेश में क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी के अध्यक्ष गौरव कुमार द्वारा मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कॉमर्स संकाय में पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली यशस्विनी चौहान तथा विज्ञान संकाय में प्रदेशभर में द्वितीय स्थान हासिल करने वाली संजीता धीमान को ट्रस्ट की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष गौरव कुमार ने कहा कि दोनों छात्राओं की यह उपलब्धि पूरे अंब क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है और इन बेटियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिखाया है।उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं। गौरव कुमार ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में वे प्रदेश और देश का नाम और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
इस दौरान छात्राओं के अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी बधाई दी गई, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह सफलता संभव हो पाई। स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी ने भविष्य में भी शिक्षा, समाज सेवा एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।