ऊना / टक्का स्कूल का रास्ता बना तालाब, विद्यार्थियों और शिक्षकों की बढ़ी परेशानी
ऊना : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टक्का तक जाने वाला मुख्य मार्ग लगातार हो रही बारिश के कारण जलमग्न हो गया है। सड़क पर पानी भरने और कीचड़ फैल जाने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को विद्यालय पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क तालाब का रूप ले लेती है। ऐसे में स्कूली बच्चों को रोजाना पानी और कीचड़ से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। इससे उनके कपड़े और जूते खराब हो रहे हैं तथा फिसलने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
अभिभावकों ने जताई चिंता
अभिभावकों का कहना है कि छोटे बच्चों को इस मार्ग से स्कूल भेजना जोखिम भरा हो गया है। कई विद्यार्थियों को पानी से होकर गुजरने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी नियमित पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है।
जल निकासी और सड़क सुधार की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से स्कूल मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा सड़क की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के दौरान यह समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की अपील की है।
