Loading...

हर पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: विवेक शर्मा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना जिले की ग्राम पंचायत डठवाड़ा में 16 पंचायतों के लिए आयोजित क्लस्टर स्तरीय विशेष जनसंवाद कार्यक्रम में विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि हर पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ पहल के तहत बीपीएल परिवारों की जरूरतों और समस्याओं की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से योजनाओं से वंचित लोगों को पात्रता के अनुसार लाभ दिलाया जा सके।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सोच के अनुरूप योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार काम कर रही है। जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद और बीपीएल परिवारों से सीधे बातचीत कर यह पता लगाया जा रहा है कि उन्हें किन सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विकास और सरकारी योजनाओं से वंचित रहे लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में सरकार के प्रयासों का हिस्सा है।

सुख-आश्रय योजना और आपदा सहायता का उल्लेख

विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत प्रदेश में करीब छह हजार निराश्रित बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ घोषित किया गया है। प्रदेश सरकार उनकी शिक्षा, रहने-खाने, देखभाल, विवाह, रोजगार और आवास जैसी आवश्यकताओं की जिम्मेदारी उठा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा के कठिन समय में भी सरकार ने अपने संसाधनों से प्रभावित परिवारों की सहायता की। विधायक ने दावा किया कि केंद्र की ओर से आपदा राहत के लिए हिमाचल को 1,500 करोड़ रुपये देने की बात कही गई थी, लेकिन यह राशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।

कुटलैहड़ में विकास कार्यों की जानकारी

विधायक ने बताया कि पिछले दो वर्षों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया है। औद्योगिक विकास के लिए करीब 300 कनाल भूमि चिन्हित की गई है, जबकि बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 75 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल और सड़क क्षेत्र में भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र की पेयजल जरूरतों को देखते हुए करीब 46 करोड़ रुपये की नई योजना प्रस्तावित है और इसकी स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा।

विवेक शर्मा ने कहा कि पात्र बीपीएल परिवारों को आवास उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ के तहत पात्र परिवारों को आवास के साथ 300 यूनिट मुफ्त बिजली और पात्रतानुसार 1,500 रुपये मासिक सहायता का लाभ भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास प्रत्येक परिवार तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और गरीब तथा जरूरतमंद लोगों के जीवन में सुधार लाने का है।

प्रशासन ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन सभी पात्र लोगों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहा है। ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ अभियान के अंतर्गत चिन्हित परिवारों की जरूरतों और समस्याओं को समझकर संबंधित विभागों के सहयोग से समाधान किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता की शर्तों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। लोगों ने विधायक और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं तथा सुझाव भी रखे।

कार्यक्रम में स्थानीय प्रधान चन्नन सिंह ने विधायक विवेक शर्मा और उपायुक्त जतिन लाल का स्वागत किया। इस दौरान जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, एसडीएम अभिषेक मित्तल, ब्लॉक सोशल एजुकेटर निशा गुप्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने समूरकलां में आठ पंचायतों के लिए आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया और लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने।

Related Topics: