Loading...

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए बिलासपुर में 24 नवंबर को होंगे अंडर-18 कबड्डी ट्रायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 11 Mins Ago • 1 Min Read

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 की अंडर-18 पुरुष कबड्डी स्पर्धा के लिए प्रशिक्षण ट्रायल 24 नवंबर 2026 को जिला खेल छात्रावास बिलासपुर में आयोजित किए जाएंगे। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित चयन प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू होगी। निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले इच्छुक पुरुष खिलाड़ी आवश्यक प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों के साथ ट्रायल में भाग ले सकते हैं।

बिलासपुर

युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के अतिरिक्त निदेशक गौरव महाजन ने बताया कि ट्रायल में केवल 18 वर्ष से कम आयु के पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इसके लिए खिलाड़ी का जन्म 1 जनवरी 2009 या उसके बाद हुआ होना चाहिए। चयन प्रक्रिया खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 की पुरुष वर्ग कबड्डी स्पर्धा के लिए आयोजित की जा रही है। पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर जिला खेल छात्रावास बिलासपुर स्थित परीक्षण केंद्र में रिपोर्ट करना होगा।

इन दस्तावेजों के साथ पहुंचें खिलाड़ी

खिलाड़ियों को मैट्रिक का शैक्षणिक आयु प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। यह प्रमाणपत्र नगर निगम अथवा ग्राम पंचायत द्वारा कम से कम पांच वर्ष पहले, यानी 1 जनवरी 2021 या उससे पहले जारी किया गया होना चाहिए। इसके साथ आधार कार्ड, दस्तावेजों की सत्यापित फोटोकॉपी का एक सेट और दो पासपोर्ट आकार के फोटो भी लाने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा।