Uttarkashi Cloudburst / उत्तरकाशी में बादल फटने से तबाही, चार की मौत, कई लापता, हाईवे धंसा
Uttarkashi Cloudburst : धराली गांव में बादल फटने से खीरगंगा में आई भयंकर बाढ़ ने तबाही मचाई। अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई लोग मलबे में दबे बताए जा रहे हैं। बारिश का सिलसिला जारी है और हाईवे धंसने से आवाजाही बाधित हो गई है।
उत्तरकाशी
धराली में तबाही, राहत कार्य जारी
धराली आपदा में चार लोगों की मौत हो चुकी है और कई लापता हैं। पानी का सैलाब आने से धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है और कई होटल व दुकानें नष्ट हो गईं। आर्मी, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भटवाड़ी क्षेत्र में राहत कार्य के लिए रवाना हो चुकी हैं।
भारी बारिश और पशुधन की हानि
बडकोट तहसील के बनाल पट्टी क्षेत्र में भारी बारिश से कुड गदेरे में करीब डेढ़ दर्जन बकरियां बह गईं। प्रदेश में 10 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है, विशेषकर पहाड़ी इलाकों में। सुरक्षा कारणों से देहरादून, पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
सीएम धामी ने जताया दुख और हेलिकॉप्टर की मांग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धराली आपदा पर दुख व्यक्त करते हुए राहत व बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाने का निर्देश दिया। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने केंद्र सरकार से दो एमआई और एक चिनूक हेलिकॉप्टर की मांग की है।
हाईवे धंसने से यातायात बाधित
स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे का लगभग 25 मीटर हिस्सा धंस गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बंद हो गया। गंगोत्री हाईवे पर भी मलबा और बोल्डर गिरने से कई घंटों तक आवाजाही बाधित रही। एनएच विभाग और बीआरओ की टीम मार्ग खोलने के लिए कार्यरत हैं।