वशिष्ट पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जीते चार पदक
वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना की छात्राओं ने अंडर-14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बैडमिंटन और शतरंज में स्वर्ण पदक, जबकि कबड्डी और वॉलीबॉल में रजत पदक हासिल किए। हिमाचल प्रदेश स्कूल खेल एसोसिएशन के तत्वावधान में यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 26 से 28 अगस्त तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठार कलां में आयोजित की गई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
प्रतियोगिता में करीब 12 विद्यालयों की 150 छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, शतरंज, बैडमिंटन और खो-खो सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। वशिष्ट पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए चार स्पर्धाओं में पदक हासिल किए और आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए भी स्थान बनाया।
प्रदर्शन के आधार पर अक्षिता, आराध्या और नविका का चयन बैडमिंटन की जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अदिति, अंशिका और गौरांगी शतरंज में जिला स्तर पर खेलेंगी। वंशिका, अर्पिता, बेनिका कुमारी, प्राक्षी राणा, अंशप्रीत कौर और माही का चयन कबड्डी एवं वॉलीबॉल की आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 23 से 25 सितंबर 2026 तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धमांदरी में आयोजित होंगी।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक अनुज वशिष्ट ने पदक विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने बताया कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करता है। उन्होंने छात्राओं की उपलब्धि को उनकी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम बताया।
