Loading...

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 के व्यूइंग रूम सेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 के व्यूइंग रूम सेक्शन में भाग लेने के लिए लघु फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और एनीमेशन परियोजनाओं से आवेदन मांगे गए हैं। एनएफडीसी ने पात्र फिल्म निर्माताओं को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करने के लिए आमंत्रित किया है।

शिमला

फिल्म निर्माताओं को मिलेगा वैश्विक प्रस्तुति मंच

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे वेव्स डॉक बाज़ार 2026 के ‘व्यूइंग रूम’ सेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मंच के माध्यम से देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं को अपनी लघु फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और एनीमेशन परियोजनाओं को अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच उन परियोजनाओं के लिए उपयोगी साबित होता है जो पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में हैं और वैश्विक स्तर पर प्रस्तुति एवं वितरण के अवसर तलाश रही हैं।

उद्योग विशेषज्ञों और निवेशकों से जुड़ने का अवसर

प्रवक्ता ने बताया कि ‘व्यूइंग रूम’ सेक्शन के जरिए फिल्म निर्माता अपनी परियोजनाओं को फिल्म फेस्टिवल प्रोग्रामर्स, वितरकों, अंतरराष्ट्रीय वितरण एजेंट्स, निवेशकों तथा अन्य उद्योग खरीदारों के सामने प्रदर्शित कर सकेंगे। इस प्रक्रिया से निर्माताओं को न केवल अपनी फिल्मों के लिए संभावित वितरण अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी, बल्कि वे अंतरराष्ट्रीय सहयोग, फिनिशिंग फंड्स और विभिन्न वैश्विक फिल्म मंचों तक पहुंच बनाने में भी सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि यह मंच रचनात्मक परियोजनाओं को पेशेवर वातावरण में प्रस्तुत करने का अवसर उपलब्ध करवाता है।

इन श्रेणियों की परियोजनाएं आवेदन के लिए पात्र

उन्होंने कहा कि विभिन्न अवधियों की लघु, मध्यम अवधि तथा फीचर-लेंथ डॉक्यूमेंट्री और एनीमेशन फिल्में आवेदन के लिए पात्र होंगी। आवेदन करने वाली फिल्मों के निर्माण अथवा फिल्मांकन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पूरा होना आवश्यक है। हालांकि, जो परियोजनाएं अभी केवल विकास (डेवलपमेंट) या प्री-प्रोडक्शन चरण में हैं, उन्हें इस श्रेणी में शामिल नहीं किया जाएगा। प्रवक्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुत कम प्रदर्शित अथवा अब तक प्रदर्शित नहीं की गई परियोजनाओं को आवेदन के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि नई और स्वतंत्र परियोजनाओं को व्यापक मंच मिल सके।

आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी

प्रवक्ता के अनुसार इच्छुक आवेदक विस्तृत पात्रता मानदंड, नियम, आवेदन दिशा-निर्देश तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सभी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट miff.in/viewing-room के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन निर्धारित प्रक्रिया और समय सीमा के अनुसार ही स्वीकार किए जाएंगे, इसलिए आवेदकों को समय रहते आवश्यक दस्तावेज और परियोजना विवरण तैयार रखने की सलाह दी गई है।