WEATHER / हिमाचल में 28 मई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान , ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर अलर्ट जारी

शिमला

23-24 मई को ऑरेंज अलर्ट, 22 और 25 से 28 तक येलो अलर्ट, तेज हवाओं की भी संभावना

बारिश और अंधड़ से सतर्क रहने की अपील
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 28 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। 23 और 24 मई को कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर और कुल्लू जिलों के कुछ भागों में ओलावृष्टि और तेज अंधड़ चलने की चेतावनी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

किन-किन क्षेत्रों में होगी बारिश :
मौसम विभाग के अनुसार 22-23 और 26-27 मई को हिमाचल प्रदेश के मध्य पर्वतीय और निचले मैदानी क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अतिरिक्त, 24-25 और 28 मई को राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 22-23 और 26-27 मई के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है, जबकि 24-25 और 28 मई को भी इन क्षेत्रों में छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है।

बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड की गई बारिश :
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इनमें सबसे अधिक बारिश ओलिंडा में 41.0 मिमी हुई, इसके बाद बीबीएमबी में 36.0 मिमी, स्लापड़ में 33.5 मिमी, रायपुर मैदान में 29.0 मिमी, नंगल डैम में 26.4 मिमी, पालमपुर में 24.4 मिमी, सोलन में 21.8 मिमी, सुजानपुर टिहरा में 19.6 मिमी और मैहरे बड़सर में 18.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।