Weather / 5 से 8 अप्रैल तक बारिश-बर्फबारी के आसार, कई जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना
Himachalnow / शिमला
Weather : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ले ली है और कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। तेज हवाएं, गर्जन और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है। तापमान में भी गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।
शिमला/हिमाचल प्रदेश
पिछले 24 घंटों में बारिश और ओलावृष्टि
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। शिमला, जुब्बड़हट्टी, सुंदरनगर, कांगड़ा और भुंतर सहित कई स्थानों पर गर्जन के साथ बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं सुंदरनगर और शिमला में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
प्रदेश में अधिकतम तापमान ऊना में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान ताबो में 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला का अधिकतम तापमान 19.5 और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मनाली और कल्पा सहित अन्य क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
5 से 7 अप्रैल तक तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अप्रैल को मंडी, शिमला, सोलन, कुल्लू, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। 7 अप्रैल को कई जिलों में हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और ओलावृष्टि के भी आसार हैं।
आने वाले दिनों में भी खराब रहेगा मौसम
5 अप्रैल को कुछ जिलों में हल्की बारिश जबकि अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 6 अप्रैल को भी अधिकांश क्षेत्रों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा। वहीं 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है, जिससे मौसम में और ठंडक बढ़ सकती है।