Loading...

Weather / 21-22 जुलाई को सिरमौर में रेड अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 18 Jul 2026 • 1 Min Read

Weather : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर जिला प्रशासन ने 21 और 22 जुलाई के लिए सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। भारी वर्षा, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को भी संभावित आपदा से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

नाहन

मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन सिरमौर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि 23 जुलाई तक प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है, जिसके चलते जिले में भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।

उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 21 और 22 जुलाई को सिरमौर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 20 जुलाई के लिए येलो अलर्ट तथा 23 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम साफ होने तक जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत जिला प्रशासन की हेल्पलाइन अथवा संबंधित विभागों से संपर्क करें। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को भी संभावित आपदा से निपटने के लिए सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Topics: