Loading...

Weather / सहारनपुर में मौसम का रेड अलर्ट जारी, प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 4 Hours Ago • 1 Min Read

Weather : मौसम विभाग द्वारा 29 मई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट के बाद सहारनपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। तेज आंधी, भारी बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए लोगों से घरों में सुरक्षित रहने, खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी है।

सहारनपुर

मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 29 मई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट के बाद जिला प्रशासन सहारनपुर अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित तीव्र आंधी-तूफान, वज्रपात और भारी वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी सहारनपुर की ओर से आम नागरिकों के लिए आवश्यक एडवाइजरी जारी की गई है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज आंधी और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। एडवाइजरी के अनुसार 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। ऐसे में बड़े होर्डिंग्स, कमजोर दीवारों और पुराने पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान लोगों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग बंद करने तथा खुले मैदान, तालाब और पेड़ों के नीचे न जाने को कहा गया है। वहीं ओलावृष्टि की स्थिति में सिर को सुरक्षित ढकने और मवेशियों को पक्के शेड में रखने की सलाह भी प्रशासन ने दी है।जिला प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों और गिरे हुए बिजली के तारों या खंभों से दूर रहने की चेतावनी दी है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 0132-2723971 और 0132-2723344 पर तुरंत संपर्क करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि सतर्कता और सावधानी ही खराब मौसम के दौरान सबसे बड़ी सुरक्षा है।

Related Topics: