Loading...

महिला हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर जनवादी महिला समिति का रोष, बडू साहिब मामला बताया गंभीर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 3 Hours Ago • 1 Min Read

महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर जनवादी महिला समिति ने गहरी चिंता जताई है। समिति ने बडू साहिब विश्वविद्यालय मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और महिला सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। कार्यस्थलों और शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

नाहन

अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिला इकाई ने देश, प्रदेश और जिला सिरमौर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा की घटनाओं पर गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया है। समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।जिला सचिव संतोष कपूर ने कहा कि प्रदेश सहित जिला सिरमौर में महिलाओं के खिलाफ लगातार नए-नए प्रकार के अपराध सामने आ रहे हैं, जिससे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे मामलों को रोकने में प्रभावी साबित होती नजर नहीं आ रही है।

उन्होंने हाल ही में इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी बडू साहिब में छात्राओं के वीडियो बनाए जाने के सामने आए मामले को बेहद गंभीर करार दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थान सुरक्षित वातावरण के केंद्र होने चाहिए, लेकिन यदि ऐसे मामलों की घटनाएं सामने आती हैं तो यह चिंताजनक स्थिति है।संतोष कपूर ने कहा कि महिला समिति की मांग है कि जिला में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने का साहस न कर सके।

उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में शौचालय की देखरेख के लिए पुरुष कर्मचारी तैनात किए जाने की बात सामने आना भी गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही कार्यस्थलों पर यौन उत्पीड़न रोकने के लिए समितियों के गठन तथा उन्हें सक्रिय रूप से कार्यरत करने की मांग भी उठाई गई है।प्रेस नोट में अमिता चौहान, आशा शर्मा, सेवती कमल रेणु, फरिदा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी महिला सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

Related Topics: