विश्व पर्यावरण दिवस पर भलाड़-भलोना स्कूल में पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलाड़-भलोना में विभिन्न जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने भाषण, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
श्री रेणुकाजी
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलाड़-भलोना में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए भाषण, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए प्रकृति के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया।
विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य ज्ञान चंद रमौल ने बताया कि पर्यावरण दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियां चिंता का विषय हैं, इसलिए नई पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में करीब 45 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को रजिस्टर और कॉपियां देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश भी दिया गया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का माहौल बना रहा।
