Loading...

22 साल की उम्र में बना प्रदेश का सबसे युवा बीडीसी सदस्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजगढ़ के 22 वर्षीय सुदर्श कुमार ने पंचायत समिति वार्ड नंबर-1 कोटी पधोग से निर्वाचित होकर हिमाचल प्रदेश के सबसे युवा बीडीसी सदस्य बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि को युवा नेतृत्व और लोकतांत्रिक भागीदारी के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। बेहद कम उम्र में जनता का विश्वास जीतकर उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई मिसाल पेश की है।

राजगढ़

जिला सिरमौर के विकास खंड राजगढ़ से 22 वर्षीय सुदर्श कुमार ने पंचायती राज राजनीति में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पंचायत समिति वार्ड नंबर-1 कोटी पधोग से निर्वाचित सुदर्श कुमार हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव-2026 में चुने गए सबसे युवा पंचायत समिति सदस्य (बीडीसी) बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि को युवा नेतृत्व और लोकतांत्रिक भागीदारी के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।सुदर्श कुमार राजगढ़ विकास खंड के कोटी पधोग वार्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिसके अंतर्गत टाली भूज्जल, माटल बखोग और कोटी पधोग पंचायतें आती हैं। बेहद कम उम्र में जनता का विश्वास जीतकर पंचायत समिति तक पहुंचने वाले सुदर्श कुमार क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

खंड विकास अधिकारी राजगढ़ कुलदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सुदर्श कुमार की आयु 22 वर्ष एक माह है। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार वह प्रदेश में निर्वाचित सबसे कम उम्र के पंचायत समिति सदस्य हैं।राजगढ़ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश आर्य ने सुदर्श कुमार को बधाई देते हुए कहा कि करीब तीन दशक पहले उन्हें 21 वर्ष की आयु में प्रदेश का सबसे युवा पार्षद और नगर पंचायत अध्यक्ष बनने का अवसर मिला था। अब सुदर्श कुमार ने सबसे युवा बीडीसी सदस्य बनकर क्षेत्र और युवाओं का नाम रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में अधिकांश युवा शिक्षा और रोजगार की ओर अग्रसर रहते हैं। ऐसे दौर में इतनी कम उम्र में राजनीति में सक्रिय होकर जनता का विश्वास जीतना बड़ी उपलब्धि है। इससे अन्य युवाओं को भी जनसेवा, नेतृत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।शनिवार को ब्लॉक कार्यालय राजगढ़ के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सुदर्श कुमार सहित विकास खंड राजगढ़ के सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाते हुए जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Related Topics: