Loading...

आपातकाल में विशेष हेल्पलाइन नंबर का ज्ञान होना जरूरी- राजन शर्मा

Ankita • 19 May 2024 • 1 Min Read

10 दिवसीय एनसीसी शिविर में कैडेट्स को मिला आपदा का विशेष प्रशिक्षण

HNN/ नाहन

जिला मुख्यालय नाहन में राष्ट्रीय कैडेट कोर द्वारा 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में आपदा के दौरान किस तरह से राहत पहुंचाई जा सकती है इस पर विस्तृत रूप से चर्चा हुई।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से राजन कुमार शर्मा के द्वारा आपातकालीन स्थिति में दूरभाष के उन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई जो मुख्य रूप से सहायक सिद्ध होते हैं। शिविर के दूसरे सत्र में आदर्श अग्निशमन केंद्र नाहन के फायरमैन रामदयाल शर्मा के द्वारा घरेलू और जंगली आग से कैसे बचा और बचाया जाए इस पर विशेष जानकारी भी दी गई।

अग्निशमन विभाग के द्वारा प्रयोगात्मक रूप से विभिन्न प्रकार की आग से सुरक्षा के बारे में भी बताया गया।शिविर में कमांडेंट कर्नल राजीव शर्मा ने बताया कि इस शिविर में जिला के लगभग 19 सरकारी विद्यालयों एवं 04 सरकारी राजकीय महाविद्यालयों से लगभग 600 बाल व बालिका कैडेट्स भाग ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में हम किस तरह से एक दूसरे के लिए सहायक सिद्ध हो सके, इसको लेकर विशेष रूप से प्रशिक्षित होना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि आपदाएं कई तरह की होती हैं जैसे मानव निर्मित और प्राकृतिक आपदाओं में भविष्य को कैसे सुरक्षित किया जाए इसको लेकर विषय वस्तु की जानकारी होना भी जरूरी है।

इस अवसर पर सूबेदार उधम सिंह, सीएचएम, एचएवी. व विभिन्न संस्थाओं से आए हुए एएनओएस अधिकारी व अन्य समस्त एनसीसी का स्टाफ तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।