Loading...

गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करे सरकार, मुस्लिम समाज को बेवजह बदनाम करना बंद हो : बॉबी अहमद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

अंजुमन इस्लामिया नाहन के अध्यक्ष बॉबी अहमद ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने और इस विषय पर सख्त कानून बनाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को गाय के मुद्दे पर बेवजह बदनाम करना बंद होना चाहिए।

नाहन

नाहन में गाय को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। अंजुमन इस्लामिया नाहन के अध्यक्ष बॉबी अहमद ने केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाते हुए इस मुद्दे पर सख्त कानून बनाने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि देश में गाय के नाम पर राजनीति और आरोप-प्रत्यारोप काफी होते हैं, लेकिन अब इस विषय पर गंभीर और स्पष्ट नीति बनाए जाने की आवश्यकता है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में बॉबी अहमद ने कहा कि देश के मुस्लिम समुदाय को अक्सर गाय के मुद्दे पर बेवजह निशाने पर लिया जाता है और एक वर्ग विशेष को गलत तरीके से बदनाम करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता और धारणाओं के बीच बड़ा अंतर है, जिस पर गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है।

उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार से सवाल करते हुए कहा कि सरकार को केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन कारणों पर भी ध्यान देना चाहिए जिनसे गायों की सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि यदि देश में गाय को लेकर इतनी संवेदनशीलता है तो उसके संरक्षण और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम भी उठाए जाने चाहिए।

बॉबी अहमद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, विशेषकर जिला सिरमौर और नाहन क्षेत्र का मुस्लिम समुदाय गाय का सम्मान करता है और उसे माता के समान दर्जा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारे और सम्मान की परंपरा को मजबूत करने की जरूरत है, न कि किसी समुदाय को संदेह के दायरे में खड़ा करने की।

उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए तथा गाय का वध करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा का प्रावधान किया जाए। साथ ही सड़कों पर पशुओं को बेसहारा छोड़ने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में कई पशु जान गंवा रहे हैं और लोग भी घायल हो रहे हैं।

Related Topics: