खज्जियार में पैराग्लाइडिंग पर इस दिन तक लगी रोक, आदेश जारी….
HNN/ चंबा
जिला चंबा के पर्यटन स्थल खज्जियार में पैराग्लाइडिंग पर 15 सितंबर तक रोक लग गई है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि बरसात के मौसम के चलते पर्यटन स्थल खज्जियार में पैराग्लाइडिंग पर रोक लगा दी है।
इस बारे में सभी पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार पर्यटन स्थल खज्जियार में दड़ोता से लाहरा और लाहरा से दड़ोता के लिए पैराग्लाइडिंग साइट चिह्नित की गई है।
पर्यटन सीजन के दौरान पैराग्लाइडर यहां से उड़ान भरते हैं। पर्यटक भी पैराग्लाइडिंग का आनंद उठाते हैं। बरसात के मौसम में पैराग्लाइडिंग करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे में विभाग ने उड़ानों पर रोक लगा दी है। निर्देशों में स्पष्ट किया है कि अगर कोई पैराग्लाइडिंग करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।