खुले में कचरा फैलाने पर नाहन नप की बड़ी कार्यवाही, 4750 रुपये के काटे चार चालान
दो बैंकों समेत अन्य कारोबारियों पर भी कसा शिकंजा, कचरे की छानबीन के बाद की कार्यवाही
HNN/नाहन
खुले में गंदगी फैलने वालों पर नगर परिषद नाहन ने बड़ी कार्रवाई की है। खास बात ये है कि ये कार्रवाई किसी शिकायत के आधार पर नहीं, बल्कि स्वयं कचरे की छानबीन करने के बाद नगर परिषद ने इसे अंजाम दिया। बुधवार को नगर परिषद नाहन के सफाई निरीक्षक सुलेमान खान के नेतृत्व में शहर का औचक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान टीम ने चौगान मैदान से सटे सेल्फी प्वाइंट के सामने, मालरोड़ व गुन्नूघाट के समीप लगे कचरे के ढेर को खंगाला। कचरे के ढेर से निकले कागजात के आधार पर टीम ने पंजाब नेशनल बैंक का 2,000 रुपये का चालान काटा। वहीं माल रोड़ पर भी टीम को गंदगी दिखी तो यहां भी यूको बैंक का चालान काटते हुए टीम ने 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

इसके साथ साथ नगर परिषद की टीम ने माल रोड़ पर सैनी स्वीट्स पर 500 और राजिंद्र दत्त पर 250 रुपये का चालान काटा। इस दौरान उनकी टीम में विनोद शर्मा, अमर प्रकाश और सोमप्रकाश भी शामिल रहे। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुलेमान खान ने बताया कि खुले में गंदगी फैलाने वालों पर इसी तरह कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार नगर परिषद कचरा फैलाने वालों के चालान कर चुकी है। उन्होंने शहरवासियों के साथ साथ कारोबारियों से अपील की कि वह शहर को साफ सुथरा रखने में अपना सहयोग दें। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर ने कचरा फैलाने वालों के चालान काटने की पुष्टि की है। उन्होंने शहर को स्वच्छ रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। कहा, सफाई रखना सभी का नैतिक कर्तव्य भी है।