नाहन में खाद्य सुरक्षा अधिनियम की समीक्षा बैठक, पीडीएस खाद्यान्न गुणवत्ता जांच के निर्देश
नाहन में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष ने पीडीएस वितरण प्रणाली की गुणवत्ता और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिरमौर/नाहन
खाद्य सुरक्षा अधिनियम की पालना को लेकर हुई समीक्षा
जिला मुख्यालय नाहन में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एस.पी. कात्याल ने की। इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एवं जिला शिकायत निवारण अधिकारी एल.आर. वर्मा ने अध्यक्ष का शॉल व टोपी भेंट कर स्वागत किया।
खाद्यान्न गुणवत्ता और वितरण प्रणाली पर दिए निर्देश
बैठक में जिले में आवश्यक खाद्यान्न वस्तुओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और शिकायतों के निवारण से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सप्लाई चेन से लेकर लाभार्थियों तक खाद्यान्न की गुणवत्ता और मात्रा की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
उचित मूल्य की दुकानों और स्कूलों का निरीक्षण जरूरी
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उचित मूल्य की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, मिड-डे-मील प्रदान करने वाली पाठशालाओं और थोक गोदामों का नियमित निरीक्षण किया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण प्रणाली और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
जिले में 5.30 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिल रहा राशन
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में 1,35,550 राशन कार्ड धारकों के माध्यम से लगभग 5,30,490 लाभार्थियों को हर माह सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 1852 स्कूलों के 55,549 विद्यार्थियों को नियमित रूप से मिड-डे-मील उपलब्ध कराया जा रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण आहार
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले में 3,633 गर्भवती महिलाओं, 2,980 धात्री माताओं तथा 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 43,265 बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषणयुक्त आहार प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को कुपोषित बच्चों के लिए जिला स्तर पर न्यूट्रीशन रिहैबिलिटेशन सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण
बैठक से पहले अध्यक्ष ने नाहन शहर के एक प्रारंभिक और एक माध्यमिक स्कूल के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बनोग का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा जमटा उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण कर मिड-डे-मील राशन के समयबद्ध वितरण के निर्देश भी दिए।