नाहन में चिट्टा तस्करों का गिरोह पकड़ा, 15.73 ग्राम हेरोइन बरामद
जिला सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी से जुड़े एक गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन और नकदी बरामद की है।
नाहन
नाहन में चिट्टा तस्करों का गिरोह पकड़ा, 15.73 ग्राम हेरोइन बरामद
एसपी निश्चिंत सिंह नेगी बोले—नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी
नाहन,
जिला सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करों के एक गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार नंबर HP18C-8477 से कुल 15.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 10,450 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर एसआईयू टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर जांच की। इस दौरान राघवन कुमार उर्फ रोक्स, लतिका, निखिल कुमार निवासी दुर्गा कॉलोनी कालाआम्ब जिला अंबाला (हरियाणा) तथा पिंकी उर्फ नेन्सी निवासी गलोग नगाली जिला सोलन, हाल निवासी कोटड़ी नाहन के कब्जे से चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा कच्चा टैंक पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के दौरान काँशीवाला ग्राउंड के पास झाड़ियों में छिपे एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम शुभम निवासी मोगीनंद, कालाआम्ब बताया और चिट्टा सेवन करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से प्लास्टिक सिरिंज और अन्य सामान बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं पुलिस थाना कालाआम्ब की टीम ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान रविंद्र कुमार निवासी रामपुर जट्टान, कालाआम्ब के रूप में हुई है। उसके कब्जे से देशी शराब की 12 बोतलें (माल्टा मार्का) बरामद की गई हैं। इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ जिला पुलिस की मुहिम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।