Loading...

गौरा-शिव विवाह उत्सव की धाम ने नाहन में जगाई भक्ति की अलख

By Shailesh Saini Published: 16 Feb 2026, 2:47 PM | Updated: 16 Feb 2026, 2:47 PM 1 min read

गौरा मैया और भगवान शिव का मिलन समर्पण और सदाचार का संदेश, युवा नशे से दूर रहें”- सुनील दत्त

नाहन
महाशिवरात्रि के उपरांत सोमवार को नाहन शहर के विभिन्न प्रमुख शिवालयों में भंडारों का आयोजन हुआ। रानीताल कुम्हार गली स्थित शिव गौरा मंदिर में आयोजित शिव-गौरा विवाह उत्सव की धाम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम के तहत प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक शिव-गौरा विवाह कथा का वाचन किया गया। इसके पश्चात सुंदरकांड पाठ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर के मुख्य पुजारी सुनील दत्त ने विधिपूर्वक शिव पूजन किया, जिसके बाद आरती संपन्न हुई।

भंडारे के दौरान मंदिर परिसर में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने धाम ग्रहण कर भगवान शिव और गौरा मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्य पुजारी सुनील दत्त ने अपने संदेश में कहा कि गौरा मैया पार्वती और भगवान शिव का पावन विवाह जीवन में समर्पण, मर्यादा, पारिवारिक एकता और सदाचार का प्रतीक है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक जीवन जीने और समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

भंडारे के आयोजन में वरिष्ठ समाजसेवी एवं शहर के प्रमुख व्यवसायी सुभाष बंसल, सुमित बंसल, अमित बंसल, संदीप कश्यप उर्फ दीपू भाई तथा महिला मंडल अध्यक्ष सुनीता राज सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Tags: