Loading...

चम्बा में जनगणना-2027 दो चरणों में, पहली बार डिजिटल तकनीक से होगा सर्वेक्षण

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 17 Feb 2026, 6:31 PM | Updated: 16 Mar 2026, 12:25 PM 1 min read

जिला चम्बा में जनगणना-2027 का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा, जिसमें आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग होगा। नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

चम्बा

12 मई से शुरू होगा पहला चरण

उपायुक्त एवं जिला जनगणना अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिले में जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न की जाएगी। पहला चरण 12 मई से 11 जून तक चलेगा, जिसमें मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा 3 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार प्रगणकों द्वारा 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें आवास की स्थिति, पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन, इंटरनेट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रश्न शामिल रहेंगे।

स्वतंत्र भारत की पहली डिजिटल जनगणना

उपायुक्त ने कहा कि वर्ष 2011 के बाद यह देश की 16वीं राष्ट्रीय जनगणना होगी और स्वतंत्र भारत की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना के रूप में आयोजित की जाएगी। जनगणना-2027 में आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जाएगा तथा नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा प्रदान की जाएगी।

घर-घर सर्वेक्षण से 15 दिन पहले, 27 अप्रैल से 11 मई तक नागरिक पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

दूसरे चरण में होगी जनसंख्या गणना

उन्होंने बताया कि दूसरा चरण सितंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच आयोजित होगा। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति का नाम, आयु, लिंग, शिक्षा, व्यवसाय, वैवाहिक स्थिति, प्रवास तथा मातृभाषा जैसी जानकारी एकत्रित की जाएगी।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध पूरी की जाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें और प्रगणकों को सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, जिला राजस्व अधिकारी विक्रम जीत सिंह, ओएसडी उमाकांत सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: