कालाअम्ब-त्रिलोकपुर मार्ग पर ट्राले का तांडव, एक की मौत, कई घायल
रुचिरा के पास तीन लोगों को रौंदने के बाद सब्जी मंडी के समीप बाइक को मारी टक्कर; बैरियर तोड़ हरियाणा में ढाबे और वाहनों को भी पहुंचाया नुकसान
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्राले ने जमकर कहर बरपाया। त्रिलोकपुर की ओर से आ रहे ट्राले ने कालाअम्ब-त्रिलोकपुर मार्ग पर पहले रुचिरा के समीप तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
इसके बाद कालाअम्ब सब्जी मंडी के पास एक मोटरसाइकिल को रौंद दिया, जिसमें सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार ट्राला इतनी तेज रफ्तार में था कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्राला लोगों और वाहनों को चपेट में लेते हुए आगे बढ़ता गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कालाअम्ब से हरियाणा की ओर बढ़ते हुए ट्राले ने प्रदेश के प्रवेश द्वार के पास लगे बैरियर और बैरिकेड्स को भी तोड़ दिया। इसके बाद हरियाणा क्षेत्र में प्रवेश करते ही असगरपुर के पास एक ढाबे को भी टक्कर मार दी। गनीमत रही कि ढाबे में बैठे लोग इसकी चपेट में आने से बच गए। इसके बाद ट्राले ने कई अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।
हादसे में शामिल ट्राले का नंबर एचआर ५८ बी-०१६७ बताया जा रहा है। घटना के बाद हरियाणा पुलिस ने ट्राला चालक को पकड़ लिया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही कालाअम्ब पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल पुलिस द्वारा हरियाणा पुलिस से भी घटना को लेकर संपर्क किया जा रहा है।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे में मृतक और घायलों की पहचान तथा दुर्घटना के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी।