चम्बा में 5992 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए विशेष अभियान
चम्बा जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 5992 बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विभागों को अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।
चम्बा
जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित
उपायुक्त एवं जिला जनगणना अधिकारी मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने और अभिभावकों को टीके के महत्व से अवगत करवाने के निर्देश दिए। 28 फरवरी को आयोजित होने वाली पीटीएम बैठकों में एचपीवी टीकाकरण पर चर्चा को अनिवार्य रूप से शामिल करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की भ्रांति दूर की जा सके।
5992 बालिकाएं चिन्हित, 27 केंद्रों पर टीकाकरण
उपायुक्त ने बताया कि जिला चम्बा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 5992 बालिकाएं चिन्हित की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 27 कोल्ड चेन पॉइंट्स पर निःशुल्क टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बाजार में 8 से 10 हजार रुपये तक की यह वैक्सीन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में प्रभावी कदम है। पात्र बालिकाएं विभाग के यू-विन ऑनलाइन पोर्टल uwin.mohfw.gov.in पर प्री-रजिस्ट्रेशन भी कर सकती हैं।
एकल खुराक, सुरक्षित और प्रभावी टीका
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वेवभी ने बैठक में बताया कि एचपीवी वैक्सीन एकल खुराक (सिंगल डोज) के रूप में बाएं ऊपरी बाजू में लगाई जाएगी। टीकाकरण के समय बच्ची का खाली पेट न होना आवश्यक है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र चिनोरिया, जिला पंचायत अधिकारी तिलक कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. कर्ण हितैषी, एमओएच डॉ. कविता महाजन व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।