जिला सिरमौर में यहाँ बनेगा हेलीपोर्ट, प्रशासन ने चिन्हित की 10 बीघा भूमि…
HNN/ नाहन
नाहन से 7 किलोमीटर दूर धार क्यारी में अब जल्द ही हेलीपोर्ट का निर्माण होने जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन ने 10 बीघा भूमि चिन्हित भी कर ली है। बता दें, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उपायुक्त राम कुमार गौतम को इस बाबत निर्देश दिए थे। निर्देशों के मुताबिक, जिला मुख्यालय में हेलीपोर्ट के लिए जगह चिन्हित करने को लेकर कहा गया था।
इसी के चलते जिला प्रशासन ने हेलीपोर्ट के निर्माण के लिए धार क्यारी में 10 बीघा भूमि चिन्हित की है। जिला प्रशासन 3 दिन में सरकार को हेलीपोर्ट का प्रस्ताव बनाकर भेजेगा। ऐसे में अगर अब सिरमौर में हेलीपोर्ट बनता है तो पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। भविष्य में इस हेलीपोर्ट से शिमला, चंडीगढ़ व धर्मशाला के लिए लोगों को हेलीकॉप्टर की सुविधा भी मिलेगी।
उधर, उपायुक्त राम कुमार गौतम ने बताया कि वन विभाग की भूमि होने के कारण कुछ परेशानी आ रही थी। अब धार क्यारी के महौल में नई जगह चयनित की गई है यहां पर 10 बीघा भूमि में हेलीपोर्ट बनाया जाएगा।