तूफान और बारिश का कहर : कच्चा मकान और 2 गौशालाएं ध्वस्त, पशु घायल
HNN/काँगड़ा
वीरवार शाम करीब साढ़े 6 बजे अचानक आए भीषण तूफान के साथ बारिश से नगरोटा सूरियां क्षेत्र में एक कच्चा मकान व 2 गौशालाएं ध्वस्त हो गई। एक गौशाला के गिरने से गाय की टांग टूट गई। गाय को प्राथमिक उपचार के बाद पालमपुर पशु अस्पताल ले गए हैं।
तूफान से मक्की की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। मिली जानकारी के अनुसार तहसील नगरोटा सूरियां की बासा पंचायत में नरेश कुमार पुत्र रजिंदर सिंह की गौशाला गिरने से अंदर बंधी गाए चपेट में आ गई और उसकी एक टांग टूट गई। इससे नरेश कुमार का करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कटोरा पंचायत निवासी गोरखू राम पुत्र खरुदी राम का कच्चा मकान तूफान के साथ आई वर्षा की भेंट चढ़ गया। गनीमत रही कि गोरखू राम का परिवार दूसरे मकान में बैठा था जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई लेकिन उसके अंदर रखा सामान व राशन मकान के नीचे दब गया। मकान गिरने से उसका करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।