Loading...

दिशा बैठक में अनुराग ठाकुर का सरकार और अधिकारियों पर हमला, विकास कार्यों में देरी पर मांगा जवाब

Shailesh Saini • 2 Sep 2026 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज ऊना

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने विकास कार्यों में हो रही देरी और जनहित से जुड़े मामलों को लेकर प्रदेश सरकार व अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई। सांसद ने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना होगा।

बैठक में विभिन्न केंद्रीय व अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों से परियोजनाओं की जमीनी स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कई विकास कार्यों के लिए पहले समय सीमा तय की गई थी, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बावजूद काम पूरे नहीं हुए। ऐसे मामलों में देरी के कारणों और जिम्मेदारी को स्पष्ट किया जाना चाहिए।

सांसद ने शिलान्यास और उद्घाटन को लेकर भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़े प्रोजेक्टों का शिलान्यास होने के बाद छोटे-छोटे कार्यों के अलग-अलग शिलान्यास कर राजनीतिक श्रेय लेने के बजाय सरकार को धरातल पर विकास कार्यों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठकों में किए गए वादों और तय समयसीमा के अनुसार परियोजनाओं की प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लंबित कार्यों की रिपोर्ट मांगी और कहा कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार सहित जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं होगी।

सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लोगों को अपने छोटे-बड़े कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को जवाबदेही और बेहतर समन्वय के साथ काम करना होगा।

Related Topics: