नालागढ़ और परवाणू के एयर क्वालिटी इंडेक्स में काफी सुधार
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ और परवाणू के एयर क्वालिटी इंडेक्स में काफी सुधार हुआ है। इस पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने प्रदूषण बोर्ड को सम्मानित किया है। बोर्ड के सदस्य सचिव अनिल जोशी ने दिल्ली में हुए समारोह में इन दोनों शहरों में एयर क्वालिटी में सुधार होने पर पुरस्कार प्राप्त किया है।
नालागढ़ और परवाणू के एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार होने से पीएम-10, पीएम 2.5, एसओ-3, एनओ एक्स, सीओ, ओ-3 व एनएच-3 के स्तर में कमी आई है। नालागढ़ में पीएम-10 के लेवल से 50 तक कम हो गया है, जबकि इससे पहले यहां पर सौ के आसपास रहता था। प्रदूषण बोर्ड के वरिष्ठ अभियंता प्रवीण गुप्ता ने बताया कि विभाग ने वायु प्रदूषण को कम करने के लिए नेशनल क्लीन एयर पारिटकुलेट मेटर के तहत फंड मिला था, जिससे हाट स्पॉट में काम किया गया।
नालागढ़ और परवाणू के बाद अब बद्दी, बरोटीवाला, कालाअंब, पांवटा साहिब व ऊना में भी इसी तर्ज पर प्रदूषण कम करने के लिए कार्य किया जाएगा। प्रदूषण बोर्ड ने विभिन्न कदम उठाए हैं, जिनमें कच्ची सड़कों को पक्का करना, प्लांटेशन करना, परिवहन विभाग को ओवर लोडिंग वाहन पर रोक लगाने और ओपन ट्रांसपोर्ट पर पाबंदी लगाने के लिए आदेश देना शामिल है। साथ ही नगर परिषद को खुले में कूड़े को आग न लगाने के लिए कहा गया है। इन सभी प्रयासों से नालागढ़ और परवाणू की आबोहवा सेहतमंद हुई है।