शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा: 2 लोगों की मौत, 3 जख्मी

By Ankita Published: 17 Aug 2024, 10:56 AM | Updated: 17 Aug 2024, 11:01 AM 1 min read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला में रामपुर से सटे ननखड़ी क्षेत्र में एक सड़क हादसा पेश आया है, यहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में 2 लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा चालक सहित तीन लोग घायल हुए हैं।

मृतकों की पहचान ननखड़ी के नोटी गांव निवासी भजन लाल (32) और दनावली निवासी देव राज (41) के रूप में हुई है। घायलों में कार चालक प्रदीप (33), कपिल देव (35) और लोकेश कुमार (27) शामिल हैं। घायल हुए लोग नोटी गांव के निवासी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग ऑल्टो कार (HP06B-5061) में सवार होकर शोली से खनोग की तरफ जा रहे थे। इस दौरान गड़ासू में कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन लोग घायल हैं।

घायलों को उपचार के लिए रामपुर अस्पताल में भर्ती किया गया है। रामपुर के डीएसपी नरेश शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।