संगड़ाह में दुर्लभ फर्न की तस्करी पर कार्रवाई, 30 हजार जुर्माना
Himachalnow / सिरमौर
संगड़ाह क्षेत्र में वन विभाग ने दुर्लभ बिरना फर्न की तस्करी करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़कर 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला। जांच के दौरान वाहन से करीब एक क्विंटल फर्न बरामद की गई, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने इस कार्रवाई को वन संपदा संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
संगड़ाह
वन परिषद संगड़ाह के तहत आरक्षित वन क्षेत्र घाटों के जंगल में दुर्लभ फर्न “बिरना” की तस्करी के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़कर आरोपी से 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला है।जानकारी के अनुसार संगड़ाह-गत्ताधार मार्ग पर पिऊलीलाणी नामक स्थान पर वन विभाग की टीम ने एचपी (08-0220) नंबर की पिकअप को जांच के दौरान रोका। तलाशी लेने पर वाहन में करीब एक क्विंटल बिरना फर्न बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
कार्यवाहक रेंज अधिकारी संगड़ाह सत्य प्रकाश शर्मा और डीएफओ रेणुका जी बलदेव राज कंडेटा ने बताया कि चौरास गांव निवासी चालक यशपाल इस तस्करी में संलिप्त पाया गया। मौके पर ही उससे 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जिसके बाद वाहन को रिहा कर दिया गया।

कार्रवाई में वन विभाग के कर्मचारी सत्यपाल, मुकेश, रवि और विक्रांत शामिल रहे, जिन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए इस अवैध गतिविधि का भंडाफोड़ किया।बताया जा रहा है कि हिमालयी जंगलों में पाई जाने वाली बिरना फर्न की मांग दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में फूलों के गुलदस्तों के लिए काफी अधिक है, जहां यह ऊंचे दामों पर बेची जाती है। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र से हरियाणा जाने वाली सब्जी की गाड़ियों के माध्यम से भी इसकी तस्करी किए जाने की आशंका जताई जाती रही है।गौरतलब है कि यह फर्न अति दुर्लभ श्रेणी में आती है, जिसके चलते इसके संग्रहण और बिक्री पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद तस्करी के मामले सामने आना वन संपदा के संरक्षण को लेकर चिंता का विषय बना हुआ है।